हल्द्वानी। उत्तराखंड की लोकप्रिय जननेता स्व. डॉ. इंदिरा हृदयेश की 85वीं जयंती के अवसर पर स्वराज आश्रम में आयोजित स्मृति दिवस कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जनसेवा और संघर्षमय जीवन को याद किया।
जिला एवं महानगर कांग्रेस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नैनीताल और ऊधम सिंह नगर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी वक्ताओं ने स्व. हृदयेश के व्यक्तित्व और कृतित्व को प्रेरणादायी बताते हुए उनके योगदान को नमन किया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि इंदिरा हृदयेश का जीवन जनसेवा, समर्पण और संघर्ष का अद्वितीय उदाहरण रहा है। उन्होंने उत्तराखंड के विकास और आमजन के अधिकारों के लिए जो कार्य किए, वे हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि इंदिरा हृदयेश केवल एक जननेता नहीं, बल्कि सभी के लिए मार्गदर्शक थीं। उनके संस्कार और जनसेवा की भावना आज भी कार्यकर्ताओं को प्रेरित कर रही है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल ने उन्हें दूरदर्शी और सशक्त नेतृत्व की प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा आम जनता की आवाज को प्राथमिकता दी और जनहित में संघर्ष किया। उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे स्व. इंदिरा हृदयेश के दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रदेश के विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष हरीश मेहता, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल, पूर्व राज्यमंत्री सुहैल सिद्दीकी, महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
