आगरा। आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। यमुना किनारा मार्ग स्थित नाले में मिली डेढ़ वर्षीय बच्ची की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने चौंकाने वाला सच सामने रखा है—मासूम की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी सगी मां ने ही की थी।
पहचान छिपाने को चेहरा पत्थर से कुचला
घटना मंगलवार रात की है, जब यमुना किनारा मार्ग स्थित यमुना आरती स्थल के पास नाले में बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान के प्रयास शुरू किए।
इसी दौरान नाई की मंडी निवासी रामू धाकड़ थाने पहुंचे और अपनी लापता बेटी की जानकारी दी। पुलिस द्वारा दिखाई गई तस्वीर से उन्होंने बच्ची को अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी खुशी के रूप में पहचान लिया। पोस्टमार्टम गृह में शव देखकर पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शक की सुई मां पर, फिर हुआ सनसनीखेज खुलासा
रामू ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ममता बच्ची को दवा दिलाने के बहाने घर से निकली थी। इसी आधार पर पुलिस का शक मां पर गया। देर रात ममता खुद घटनास्थल पर पहुंची, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
प्रेम संबंध बना मासूम की मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, ममता के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। महिला प्रेमी के साथ जाना चाहती थी, लेकिन उसे डर था कि बेटी उसके रास्ते में बाधा बनेगी।
इसी सोच के चलते उसने अपनी ही बेटी की हत्या की साजिश रच डाली।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
आरोपी मां ने पुलिस को बताया कि वह बच्ची को लेकर भटकते हुए यमुना किनारे पहुंची। वहां बच्ची के रोने पर उसे गुस्सा आ गया और उसने उसे नाले में फेंक दिया।
इसके बाद उसने बच्ची का मुंह पानी में दबाकर उसकी सांस रोक दी। जब बच्ची ने हरकत करना बंद कर दिया, तो उसे बाहर निकालकर पास पड़े पत्थर से उसका चेहरा कुचल दिया, ताकि पहचान न हो सके।
वारदात के बाद भी नहीं थमी हैवानियत
हत्या के बाद ममता टूंडला पहुंच गई थी, लेकिन उसे शक हुआ कि बच्ची कहीं जिंदा न हो। इसी शक में वह दोबारा घटनास्थल पर लौटी, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
परिवार और समाज में आक्रोश
इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है। परिजन और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं कि एक मां अपनी ही संतान के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकती है।
मायके पक्ष ने भी आरोपी महिला से किसी भी तरह का संबंध रखने से इनकार कर दिया है। वहीं, मासूम खुशी के अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा।
हत्या का मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शेषमणि उपाध्याय (एसीपी छत्ता) के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
